मास्क सहित आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाए सरकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 मार्च को जनता कर्ण्य की अपील को मानते हुए देश की जनता अपने घरों में बंद रही और पूरी तरह मोदी जी की अपील का पालन किया। कोरोनावायरस की भयावह स्थिति का विश्व में इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन को उसे महामारी घोषित करना पड़ा है। चीन, दक्षिण कोरिया, इटली, ईरान, अमेरिका एवं इजरायल सहित बड़ी संख्या में अन्य देश कोरोना के डर का सामना कर रहे हैं। जिन देशों में शुरुआत में कोरोनावायरस को लेकर लापरवाही बरती उन्हें बाद में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोरोना वायरस छ्ने, छीकने एव खांसने से फैलने वाला वायरस है। और इसके प्रभाव से जुकाम, खांसी, शरीर की जकड़न और बाद में मौत हो जाती है।
चीन में सख्ती एवं मेडिकल विभाग की सतर्कता से कोरोना वायरस को पूरी तरह काबू कर लिया गया है। वुहान शहर से फैलने वाला यह वायरस अब वहां मरीजों में नहीं मिल रहा है। इसके लिए चीन की तारीफ करनी होगी। इसी तरह भारत देश में अब तीसरा सप्ताह चल रहा है और कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। भारत में कोरोनावायरस दूसरे देशों से आने वाले भारतीयों की लापरवाही के कारण फैल रहा है। यह लोग चुपचाप या बिना सरकारी एजेंसी को बताएं दूसरे लोगों से मिल रहे हैं या यात्रा कर रहे हैं।
विदेश से आई कनिका कपूर गायिका को इसका उदाहरण माना जा सकता है। राज्य सरकार एवं भारत सरकार अपने स्तर पर कोरोना महामारी से निबटने के लिए पूरे प्रयास कर रही है लेकिन जब तक जनता का सहयोग नहीं मिलेगा तब तक सरकारी प्रयास सफल नहीं हो सकते हैं। सरकार व्यापारिक प्रतिष्ठान, फैक्ट्रियां, कारखाने एवं ट्रांसपोर्ट के साधनों को बंद तो कर रही है लेकिन मजदूरों की रोजी-रोटी एव उनको कोरोना से बचाने के लिए जरूरी वस्तुओं को उपलब्ध करवाने में असफल दिखाई दे रही हैगरीब मजदूर किसान 50-100 का मास्क सैनिटाइजर नहीं खरीद सकता है, उनको तो काम धंधा बंद होने के कारण अपना पेट भरना दूभर हो रहा है।
इसलिए सरकार को सबसे पहले लोगों को निशुल्क मास्क, साबुन एवं पेट भरने के लिए खाने का इंतजाम करना चाहिए। जनता कर्फयू एक-दो दिन तक ही सफल हो सकता है। यदि जनता घरों मे भूखी मरने लगी तो फिर कोई सरकारी शक्ति उसे सड़कों पर आने से नहीं रोक सकती है। जनता को आवश्यक वस्तुएं जो जीवन जीने के लिए जरूरी है तुरंत उपलब्ध करवानी चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी को घोषणा करनी चाहिए के देश की जनता का 1 महीने के बिजली, पानी, दवाई, कर्ज के ब्याज किस्त आदि का खर्चा केंद्र सरकार करेगी। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी केवल सलाहकार बन गए हैं मोदी जनता को कुछ देने की घोषणा नहीं कर रहे हैं। जबकि गरीब जनता बड़ी मुश्किल का सामना कर रही है। ऐसी स्थिति में मोदी सरकार को जनता के सभी खर्चे स्वय भुगतना चाहिए। -सम्पादक