नाई की थड़ी के लोगों का बरसात के पानी ने किया हाल बेहाल
- नाई की थड़ी क्षेत्र के लोग पहले से ही नगर निगम एवं शहरी सरकार की बेरुखी का शिकार है
- दर्जनों मकान गिर गए पानी के तेज बहाव से
- कांग्रेस कार्यकर्ता लईक खान ने बयान की क्षेत्र में हुए नुकसान की कहानी
कार्यालय संवाददाता
जयपुर।
जयपुर का नाई की थड़ी क्षेत्र पहले से नगर निगम एवं प्रशासन की बेरूखी का शिकार बना हुआ है। अब शुक्रवार के रोज हुई रिकॉर्ड तोड बारिश से आई पानी की बाढ़ ने क्षेत्र को पानी की जेल में बदल दिया है। यहां तेज हुई बरसात के पानी का बहाव इतना तेज था कि घरों के सामने, सड़कों, गलियों में खड़ी चार एवं दो पहिया गाड़िया पानी में डूब गई और कई जगह पानी में बह गई। नाई की थड़ी क्षेत्र में इबादत नगर एवं हाजी वारिस कॉलोनी में आधा दर्जन मकान गिर गए और घर में रखा सामान तबाह हो गया। नाई की थड़ी क्षेत्र में रहने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता लईक खान ने बताया कि संगम विहार, इबादत नगर, हाजी वारिस कॉलोनी, आजाद नगर, फ्रेंडस कॉलोनी, शांति कॉलोनी, गोल्डन कॉलोनी, कॉमा नगर, अशरफ नगर में बाढ़ के हालात बन गए और घरों में पानी भर गया।
लईक खान का कहना है कि इबादत नगर एवं हाजी वारिस नगर में पानी के तेज बहाव और स्तर बढ़ने से करीब एक दर्जन मकान धराशायी हो गए और कई दर्जन लोगों के मकानों का सामान खराब हो गया। यहां गरीब लोगों के सामने खाने- पीने की सामग्री का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि जिला प्रशासन और नगर निगम को यहां के लोगों की परेशानी की कोई चिंता नहीं है। लईक खान ने कहा कि हमने अपने स्तर पर लॉकडाउन की तरह उनकी मदद की है और करवाई है। उनका कहना है कि प्रशासन को यहां का सर्वे करके जायजा लेना चाहिए और लोगों की मदद करनी चाहिए। जिन लोगों के मकान गिर गए हैं उनको बनाने के लिए आर्थिक मदद करनी चाहिए। उनका कहना है कि यहां पहले से ही क्षेत्र की कॉलोनियों में न तो सड़कें हैं और न ही पानी निकास के लिए नालियां है। लईक खान ने कहा कि हम प्रशासन पर लोगों की मदद के लिए दबाव बनाएंगे और उनके मिलकर समस्या के हल निकालने की कोशिश करेंगे।
सामाजिक कार्यकर्ता दानिश खान ने कहा कि इबादत नगर में नाले के तेज बहाव से ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां 4 5 मकान तो गिरे ही है साथ में सड़कों पर 8-10 फीट गहरे गड्ढे भी हो गए हैं जिनमें अभी भी पानी भरा हुआ है। दानिश का कहना है कि हम अधिकारियों से मिलकर लोगों की मदद के लिए कहेंगे।